मधुहीर राजस्थान
जैसलमेर। भारत-पाक सीमा पर 55 डिग्री से भी ज्यादा तापमान में सीसुब के 2 जवानों की हीट स्ट्रोक से तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तुरंत जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया, जहां गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें एडमिट किया गया। सीमा सुरक्षा बल के 2 जवानों में से 1 महिला कॉन्स्टेबल भी शामिल है। दोनों जवाहिर हॉस्पिटल में भर्ती है और बुखार से तप रहे है। गौरतलब है कि जैसलमेर इन दिनों भीषण गर्मी की आग में तप रहा है। 48 डिग्री तापमान में आग बरसाने वाली गर्मी में अब तक 2 लोगों की जान चली गई है, जिसमें से एक सीसुब का जवान भी शामिल है। बॉर्डर पर तापमान 55 डिग्री से भी ऊपर बताया जा रहा है, ऐसे में सरहद की रखवाली कर रहे जवान भीषण गर्मी और लू में ड्यूटी करते समय हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं।
जवाहिर हॉस्पिटल में भर्ती सीसुब के जवान आरती ठाकुर (26) और एस विश्वास (24) ने बताया कि वे ड्यूटी कर रहे थे। सरहद पर तेज लू के थपेड़े चल रहे हैं। हालांकि गर्मी से बचाव के सभी साजो सामान हमारे पास था मगर भीषण गर्मी से मानों जान ही निकल रही है। ऐसे में तेज बुखार, सरदर्द और चक्कर आदि आने लग गए। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने उनको तुरंत ड्यूटी से वापस बुलाया और इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा, जहां दोनों एडमिट है और इलाज करवा रहे हैं।सीसुब की कॉन्स्टेबल आरती ठाकुर ने बताया कि जवाहिर हॉस्पिटल में मरीजों के लिए कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्हें जिस वार्ड में रखा गया है वहां केवल 1 ही कूलर लगा है। इसके अलावा उनका जहां बेड है वहां पर पंखा तक नहीं है। आरती ठाकुर ने बताया कि जब शिकायत करते हैं तब हॉस्पिटल स्टाफ कहता है कि ये सरकारी अस्पताल हैं यहां यही सुविधा मिलेगी। आरती ठाकुर ने इस भीषण गर्मी मेंअस्पताल में पंखे; कूलर आदि बढ़ाने की भी मांग की है।
