– आयुक्त उत्तर अतुल प्रकाश ने संबंधित सीएसआई को दिए निर्देश
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। शहर के पारंपरिक जल स्त्रोत गुलाब सागर में सीवरेज व रंगाई छपाई का पानी छोड़ने वालों के खिलाफ नगर निगम उत्तर सख्त कार्रवाई करेगा। आयुक्त उत्तर अतुल प्रकाश ने निगम उत्तर के अधिकारियों के साथ दौरा किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आयुक्त उत्तर अतुल प्रकाश ने गुलाब सागर व गुलाब सागर की नहर को देखा। उन्होंने बताया कि नगर निगम उत्तर की ओर से पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। पूर्व में भी नगर निगम ने गुलाब सागर में सफाई अभियान चलाया था वहीं इस दौरान कई लोगों के सीवरेज कनेक्शन को भी हटाने की भी कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि मुख्य सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां कहीं भी सीवरेज और रंगाई छपाई का पानी गुलाब सागर में डाला जा रहा है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की की जाए और उन्हें नोटिस देकर पाबंद किया जाए। आयुक्त उत्तर अतुल प्रकाश ने सीएसआई को गुलाब सागर एवं उसके आसपास के क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाकर सफाई करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही तालाबों में से कचरा निकालने के निर्देश दिए। आयुक्त उत्तर ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की इन तालाबों में किसी अन्य प्रकार का कचरा नहीं डालें। इस दौरान अधीक्षण अभियंता भरत टेपण, आर्किटेक्ट अनु मृदुल, अधिशाषी अभियंता, मुख्य सफाई निरीक्षक गौतम कंडारा, दीपक गुंद एवं संबंधित सफाई निरीक्षक मौजूद थे।



