-
पुलिस ने अल सुबह घरों से पदाधिकारियों को लिया हिरासत में
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। देश में हुई नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर विरोध जारी है। इसी को लेकर आज प्रदेशभर में कांग्रेस की ओर से रेल रोको प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। जोधपुर में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से बनाड़ रेलवे स्टेशन पर रेल रोकने का कार्यक्रम था लेकिन पुलिस ने अलसुबह ही नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया। इसके चलते प्रदर्शन विफल हो गया।
बनाड़ रेलवे स्टेशन और मुख्यम रेलवे स्टेशन के समीप की रेलवे फाटक पर आज सुबह से ही पुलिस का पुख्ता जाब्ता तैनात रहा। रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। यहां पर सुबह से ही शांति दिखाई दी। पदाधिकारी को हिरासत में लेने की वजह से प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। कार्यकर्ताओं के नहीं पहुंचने और हिरासत में लेने को लेकर पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है। जानकारी के अनुसार आज सुबह पुलिस की टीमों ने चार बजे से ही यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी को हिरासत में ले लिया था।
यह था मामला
बिहार के साथ पूरे देशभर में 5 मई को नीट की परीक्षा ली गई। इसमें पूरे देश से करीब 24 लाख से ज्यादा कैंडिडेट शामिल हुए। बिहार में नीट की परीक्षा में सॉल्वर गैंग के 19 लोग गिरफ्तार हुए। पटना पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 4 मेडिकल स्टूडेंट थे। वहीं, पूर्णिया से भी 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई। सभी मेडिकल स्टूडेंट थे। इसके साथ ही गोपालगंज पुलिस ने भी एक छात्र को गिरफ्तार किया था।



