मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। भजनलाल सरकार ने बुधवार को वित्त वर्ष 2024-25 का आम बजट आज विधानसभा में पेश किया। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी ने आज लोकलुभावना बजट पेश कर सभी वर्गो को खुश करने की कोशिश की है। दिया कुमारी ने विधानसभा में 2 घंटे 51 मिनट लंबा भाषण दिया। भजनलाल सरकार ने अपने पहले आम बजट में जनता को कई नए तोहफे दिए है, तो वहीं अंतरिम बजट में की गई घोषणाओं को आगे बढ़ाया। राज्य की मौजूदा भारतीय जनता पार्टी सरकार का यह पहला पूर्ण बजट है। राज्य की 16वीं विधानसभा का दूसरा सत्र अभी चल रहा है। विधानसभा का बजट सत्र आमतौर पर फरवरी-मार्च में होता है लेकिन इस साल लोकसभा चुनाव के कारण दिया कुमारी ने आठ फरवरी को विधानसभा में अंतरिम बजट पेश किया था।
राजस्थान का यह बजट ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में लोकसभा चुनाव संपन्न हुए हैं और भारतीय जनता पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। राज्य में जल्द ही पांच विधानसभा सीटों पर उपुचनाव भी होने वाला है। ऐसे में यह बजट राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम है। 2023 के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को बाहर करते हुए सत्ता हासिल की थी। भाजपा को 115 सीटों पर जीत मिली थी। पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से कई बड़े वादे किए थे।
प्रदेश की ऐतिहासिक सूर्यनगरी जोधपुर को पानी-बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर की सौगात मिली है। यहां से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे निकाला जाएगा जो जयपुर-अजमेर और अलवर जैसे बड़े शहरों को जोड़ेगा। वहीं टूरिज्म की संभावनाएं देखते हुए यहां डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी नई नीतियां लाई जाएंगी। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री दीया कुमारी ने जोधपुर में हैंडीक्राफ्ट पार्क की स्थापना की घोषणा की है। जोधपुर मेडिकल कॉलेज में स्पाइनल इंजरी सेंटर खोला जाएगा। बजट घोषणा में कुड़ी भगतासनी को नगरीय इकाई बनाया गया है। वहीं करीब 13 कॉलेजों को यूजी से पीजी में क्रम्मोन्नत किया गया है। जोधपुर में स्पाइस प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना भी होगी। वहीं जवाई बांध से जोधपुर तक फीडर नहर का जीर्णाेद्धार कर पानी पहुंचाया जाएगा।
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री दीया कुमारी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुलाकात की। इसके बाद करीब 11 बजे वित्त मंत्री विधानसभा पहुंची।
जोधपुर का राजस्थान टूरिज्म इंफ्रास्ट्रक्चर एंड कैपेसिटी बिल्डिंग फंड के तहत डेवलपमेंट होगा। जोधपुर मेडिकल कॉलेज में स्पाइनल इंजरी सेंटर बनेगा। विवेक विहार में उपखंड कार्यालय का निर्माण होगा। जोधपुर के डिजास्टर रिकवरी डाटा सेंटर का डवलपमेंट होगा। खुश करने वाली बात है कि पाल रोड पर नहर रोड से एम्स रोड तक ओवर ब्रिज का निर्माण होगा जिससे यहां ट्रैफिक जाम की समस्या से निजाद मिलेगी, 30 करोड़ की लागत से यहां ओवर ब्रिज का निर्माण होगा।
वहीं सतही जल परियोजना में देचू, फलोदी में 230 करोड़ के काम होंगे। इसी प्रकार ऊर्जा के क्षेत्र में 132 केवी जीएसएस के तहत जोधपुर के फींच, पाल (लूणी), मांडियाई खुर्द (ओसियां) को शामिल किया गया है। सड़को की बात करें तो जोधपुर के लूणी में डांगियावास से उचियारड़ा स्टेट हाईवे पर 31 करोड़ 21 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं सूरसागर नहर चौराहे से एम्स जाने वाली सड़क पर ओवर ब्रिज बनेगा। जोधपुर में रामराज नगर से राजीव गांधी नगर, विनोबा भावे नगर वाया एनआरआई कॉलोनी को जोड़ने के लिए सम्पर्क सड़क निर्माण होगा।
इसी प्रकार जोधपुर में हैंडीक्राफ्ट पार्क स्थापना की जाएगी। वहीं जोधपुर-कांकाणी रोहट पाली में 150 करोड़ से मारवाड़ इंडस्ट्रियल क्लस्टर बनेगा। जोधपुर का राजस्थान टूरिज्य इंफ्रास्ट्रक्चर एंड केपिसिटी बिल्डिंग फंड के तहत डेवलपमेंट होगा।
जोधपुर के लिए घोषणाएं –
जोधपुर (शेरगढ़) चामू, बिलाड़ा ओसियां में गर्ल्स कॉलेज
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड कॉलेज पोस्ट ग्रेजुएशन में क्रम्मोनत होगा। इसके साथ ही, सूरसागर कन्या महाविद्यालय समेत 10 कॉलेज यूजी से पीजी में क्रमोन्नत होंगे।
लोहावट-फलोदी जिला चिकित्सालयों में क्रमोन्नत होंगे।
बिलाडा-जोधपुर में उप जिला परिवहन कार्यालय होगा।
कुड़ी भगतासनी को नगरीय इकाई बनाया गया है।
राजरणछोड़ मंदिर-जोधपुर में विकास कार्य होगा।
जोधपुर मेडिकल कॉलेज में स्पाइनल इंजरी सेंटर खुलेगा।
नाथडाऊ (शेरगढ़)-जोधपुर को तहसील बनाया।
जोधपुर एवं पाली शहर को पेयजल आपूर्ति हेतु जवाई बांध से जोधपुर तक चरणबद्ध रूप से 3 वर्षों में 194 किलोमीटर लम्बी क्षतिग्रस्त फीडर नहर का जीर्णाेद्धारकार्य होंगे। इसके लिए 2 हजार 280 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
जोधपुर में स्पाइस प्रोसेसिंग प्लांट भी बनाया जाएगा।
सूरसागर डिस्पेंसरी सैटेलाइट चिकित्सालय में क्रमोन्नत होगी।



