अमृत स्टेशन योजना: तीव्र गति से चल रहा पुनर्विकास, स्टेशन बिल्डिंग का 60 प्रतिशत कार्य पूरा
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। स्टेशन पर 17.09 करोड़ की लागत से विभिन्न कार्य करवाए जाने की योजना तैयार की गई है।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पुनर्विकसित रेन स्टेशन पर नई अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं तथा मौजूदा सुविधाओं के अपग्रेडेशन से यात्रियों को बेहतर और उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान की जाएगी। रेन स्टेशन पर लकवा ग्रस्त दर्शनार्थियों और रेल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि स्टेशन बिल्डिंग पर नवीनीकरण का कार्य प्रगति पर है, मुख्य प्रवेश कक्ष की दीवार पर प्लास्टरिंग का कार्य प्रगति पर है और सभी बिल्डिंग के छत लेवल का काम पूरा कर लिया गया है। स्टेशन बिल्डिंग परिसर में फर्श पर टाइल लगाने का काम चल रहा है। तथा प्लेटफार्म नंबर एक पर फर्श बनाने का कार्य प्रगति पर है। भवन को राजस्थानी हेरिटेज लुक देने के लिए मुख्य प्रवेश द्वारों को मेहराब शैली से सुसज्जित किया गया है। साइड बिल्डिंग में सभी सेनेटरी फिटिंग आधुनिक शैली में प्रदान की जाएंगी। स्टेशन पर सिगनलिंग और इलेक्ट्रिक केबल प्रणाली कार्य को सुव्यवस्थित कर दिया गया है। साथ ही पेयजल की व्यवस्था भी सुचारू रूप से पुन: शुरू कर दी गई है। स्टेशन पर प्लेटफार्म शेल्टर का काम पूरा हो गया है एवं सर्कुलेटिंग एरिया विकसित करने हेतु कार्य को तीव्र गति किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के तहत विशिष्ट अथिति कक्ष, यात्रियों के वाहनों हेतु पार्किंग सुविधा मुख्य द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया आदि का निर्माण कार्य किया जायेगा।
