जोधपुर। पिछले कई दिनों से पानी के लिए तरस रहे नंदवान गांव के वासियों को पानी तो नहीं मिला अलबत्ता उनके खिलाफ पुलिस में मामला और दर्ज हो गया। इस गांव के लोगों ने एक दिन पहले गांव ही सरहद पर रास्ता रोककर पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने जोजरी-सालावास रोड पर जाम लगा दिया था। लोगों ने पानी की मांग को लेकर काफी देर तक सडक़ मार्ग को बंद रखा। इस पर पुलिस की तरफ से आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ रास्ता रोकने का केस दर्ज किया गया है। इस केस को लेकर ग्रामीणों ने आज विरोध जताया। उन्होंने आज फिर सूखे मटकों के साथ प्रदर्शन किया।
दरअसल मंगलवार को नंदवान के ग्रामीणों ने दो घंटों से अधिक समय तक रास्ता रोककर प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुड़ी हौद से नंदवान आने वाली मुख्य लाइन से सालावास गांव में अवैध जल कनेक्शन हो रखे है। सालावास से रोजाना 150 से 200 पानी के टैंकर भरे जाते हैं, जो इसी लाइन का पानी है और इसी पानी को उनको टैंकर के मार्फत खरीदकर पीना पड़ रहा है।


