जैसलमेर। तनोट माता के दर्शन कर एक साथ लौट रही दो कारें पलट गई। हादसे में एक कार चालक की मौत हो गई वहीं एक अन्य कार सवार घायल हो गया। गनीमत रही कि किसी अन्य कार सवारों को चोट नहीं लगी। तनोट पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा निवृत्त सैनिक का परिवार जो जैसलमेर में निवास कर रहा है। जो तनोट माता दर्शन करने दो कारों में सवार होकर तनोट गए थे। वापस लौटते समय दोनों कारें एक साथ चल रही थी। घन्टियली व रणाऊ के बीच एक मोड़ पर रख कार के ओवर टेक करने के दौरान दोनों कारें अनियंत्रित हो गई और दोनों ही पलट गई। हादसे में कार चालक दिलबर खान निवासी रोजानियों की बस्ती सम गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर तनोट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी गाड़ी में रामगढ़ रवाना किया। बाद में मौके पर जा रही 108 एम्बुलेंस में घायल दिलबर व एक अन्य घायल दीपक को रामगढ़ अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान दिलबर खान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर घटना की सूचना परिजनों को दी। हादसे में किसी अन्य कार सवार को चोट नहीं आई है। आवश्यक कार्यवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया।
