ट्रेन की तकनीकी तैयारी पूरी
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। इस बार शारदीय नवरात्र पर जोधपुर की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 25 सितंबर को अपना सफर शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन बांसवाड़ा से वर्चुअल इस सेमी-हाईस्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल और मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी बीकानेर व जोधपुर की इन ट्रेनों के उद्घाटन की पुष्टि की है। जोधपुर रेल मंडल प्रशासन इसकी तैयारियों में जुटा है।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 सितंबर को राजस्थान दौरे के दौरान बांसवाड़ा में मुख्य फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से राजस्थान की तीन नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत होगी। इनमें जोधपुर-दिल्ली कैंट, बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला और उदयपुर-चंडीगढ़ ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई जानी है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन का अत्याधुनिक रैक गत दो सितंबर की रात ही जोधपुर पहुंच चुका है और ट्रायल रन लगभग पूरा हो गया है। जानकारी के अनुसार, जोधपुर रेल मंडल में 25 सितंबर के कार्यक्रम की तैयारियां अंदरखाने अंतिम चरण में जोरों पर चल रही हैं। स्टेशन की साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस में 8 डिब्बे होंगे, जिनमें 7 चेयर कार क्लास और 1 एग्जीक्यूटिव क्लास का कोच शामिल है। कुल 608 सीटों की क्षमता वाली इस ट्रेन में 52 सीटें एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए होंगी, जबकि बाकी चेयर कार कोच में 44 से 78 सीटों की व्यवस्था रहेगी। ट्रेन में दो टीटी, दो क्रू मेंबर्स और एक गार्ड का स्टाफ होगा।


