फलोदी (पारस लूंकड़)। भारतीय जनता पार्टी फलोदी शहर मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिलीप व्यास एवं उपाध्यक्ष जितेंद्र व्यास के नेतृत्व में बुधवार को फलोदी शहर के विभिन्न इलाकों में विद्युत वोल्टेज की व्याप्त समस्या को लेकर जोधपुर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता को एक हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इस बात पर नाराज की जताई गई कि शहर के व्यासों की गली, नाथावतों का चौक, पतरों की पोल, दर्जियों की गली, सत्यनारायण मंदिर आदि क्षेत्रों में पिछले करीब एक पखवाड़े से वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इन क्षेत्रों में वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण लोगों के घरों में विद्युत उपकरण जल जाते हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वोल्टेज की समस्या के रहते क्षेत्रवासियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी से रूबरू होना पड़ रहा है। ज्ञापन में लोगों को राहत प्रदान करने के लिए इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की गई है। प्रतिनिधि मंडल में ओम व्यास, जयप्रकाश पुरोहित, पवन व्यास, नटवरलाल, गिरिराज आदि भी शामिल थे।


