मधुहीर राजस्थान
फलोदी (पारस लूंकड़)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने गुरुवार को माता व शिशु स्वास्थ्य दिवस पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मलार तथा उप स्वास्थ्य केंद्र, जोड़ तथा गोदरली का निरीक्षण किया। मलार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम किरण लम्बे समय से अनुपस्थित पाई गई, जिससे नियमित टीकाकरण का कार्य नहीं होना पाया गया, जिसके लिए चिकित्सा अधिकारी प्रभारी को नोटिस जारी किया गया है।
उप स्वास्थ्य केंद्र जोड़ में एएनएम शांति टीकाकरण कार्य करते हुए मिली, लेकिन स्वयं का उपस्थिति रजिस्टर, सेवा प्रदाता रजिस्टर एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओ से सम्बंधित रिकॉर्ड का अभाव मिला। साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में एएनएम को जानकारी नहीं होने से सीएमएचओ ने नाराजगी व्यक्त की। इसी तरह उप स्वास्थ्य केंद्र गोदरली में भी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से सम्बंधित रिकॉर्ड तथा एएनएम का उपस्थिति रजिस्टर नदारद मिले। एएनएम से पूछने पर एएनएम द्वारा ये समस्त रिकॉर्ड उसके घर पर होना बताया गया। दोनों ही उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर सेवाओं की लिस्ट व ऑनलाइन एंट्री का आभाव मिला। इस तरह की गंभीर लापरवाही पर दोनों एएनएम के खिलाफ 17 सीसी की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए।
