मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर एक में मन की प्याऊ के पीछे चौराहे के बीचो बीच पीएचईडी की पाइप लाइन बार-बार फूट रही है। इससे एकांतरे आपूर्ति के दिन पानी भी व्यर्थ बह रहा है। वहीं चौराहे के बीचोबीच गड्ढ़ा हो गया है जो ठीक नहीं करने से दिनोंदिन गहरा होता जा रहा है।
गौरतलब है कि यहां करीब बारह दिन पहले कुछ घरों में कम आपूर्ति की शिकायत पर करीब पचास फीट की दूरी में सडक़ के बीचों-बीच खुदाई कर कनेक्शन शिफ्ट किए गए। उसके बाद इस लाइन को सही ढंग से दुरुस्त ही नहीं किया। तब से अब तक यह तीन बार फूट चुकी है। कुछ दिन पहले ही लाइन फूटने पर सडक़ के नीचे की मिट्टी गीली हो गई। इस दौरान एक स्कूल बस के आगे के पहिए धंस गए। करीब एक घंटे की मशक्कत कर बस को निकाला गया। उसके बाद यहां गड्ढ़ों में पानी भरा रहता है। अनजान बाइक सवार गड्ढ़े के ऊपर से निकल रहे हैं। कई बार वाहन गिरते-गिरते बचता है। इस संबंध में मोहल्लेवासियों ने कई बार अधिकारियों को बताया लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। दूसरी तरफ लाइन लीकेज होने से एकांतरे होने वाली आपूर्ति भी पर्याप्त नहीं हो रही है।


