-
भगत की कोठी से हरिद्वार वाया डेगाना-रतनगढ़-चुरू समर स्पेशल 20 और 27 जून को दो ट्रिप चलेगी
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। रेलवे द्वारा गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए जोधपुर से हरिद्वार और मऊ स्टेशनों के लिए समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। जोधपुर के उपनगरीय भगत की कोठी से हरिद्वार के लिए समर स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन (2 ट्रिप) इस माह की 20 और 27 जून को वाया डेगाना-रतनगढ़-अंबाला के रास्ते संचालित होगी जबकि जोधपुर से मऊ के लिए समर स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन 15 से 29 जून तक (3 ट्रिप) वाया जयपुर-लखनऊ-अयोध्या के रास्ते संचालित की जाएगी जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम पंकज कुमार सिंह के अनुसार ट्रेन 04821भगत की कोठी-हरिद्वार साप्ताहिक समर स्पेशल भगत की कोठी से 20 और 27 जून को सुबह 8.30 बजे प्रस्थान कर शुक्रवार सुबह 3.40 बजे हरिद्वार पहुंच जाएगी। जबकि वापसी में ट्रेन 04822, हरिद्वार से 21 व 28 जून सुबह 5 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात्रि 11.55 बजे भगत की कोठी पहुंच जाएगी। ट्रेन आवागमन में गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चुरू, सादुलपुर, हिसार, जाखल, सुनाम उधम सिंह वाला, धुरी, पटियाला, राजपुरा, अंबाला, सहारनपुर, हांसी व रुडक़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में यात्री सुविधा हेतु 4 थ्री टायर एसी, 10 द्वितीय श्रेणी शयनयान, 2 सामान्य श्रेणी व 2 गार्ड एसएलआर सहित कुल 18 डिब्बे होंगे।
जोधपुर से मऊ समर स्पेशल
डीआरएम ने बताया कि अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए ट्रेन 04823, जोधपुर-मऊ समर स्पेशल जोधपुर से 15 से 29 जून प्रत्येक शनिवार को सायं 5.30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात्रि 11.20 बजे मऊ पहुंच जाएगी। जबकि वापसी में ट्रेन 04824, मऊ से 17 और 24 जून तथा 1 जुलाई सोमवार सुबह 4 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8.55 बजे जोधपुर पहुंच जाएगी। आवागमन में ट्रेन पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर, बांदीकुई, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, हाथरस, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ व मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में यात्रियों के लिए 4 थ्री टायर एसी, 10 द्वितीय श्रेणी शयनयान, 2 सामान्य श्रेणी व दो गार्ड एसएलआर सहित कुल 18 डिब्बे होंगे।



