मधुहीर राजस्थान
रुद्रप्रयाग। हादसा रुद्र प्रयाग जिले के रैंतोली के पास हुआ है। ट्रैवलर में सवार यात्री बद्रीनाथ दर्शन करने जा रहे थे। उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे पर टैंपो ट्रैवलर बेकाबू होकर अलकनंदा नदी में गिर गई। हादसे में 10 पर्यटकों की मौत हो गई। जबकि 13 घायल हैं। 7 गंभीर घायलों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट करके ऋषिकेश एम्स ले जाया गया। बताया जा रहा है कि टैंपो ट्रैवलर में 23 यात्री सवार थे। सभी बद्रीनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। पर्यटक यूपी और दिल्ली के बताए जा रहे हैं। एसपी डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने कहा- रुद्र प्रयाग में रैंतोली के पास एक टैंपो ट्रैवलर हाईवे से खाई में गिर गई।
नदी में अभी सर्चिंग की जा रही है। स्थानीय लोग, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, जिला आपदा प्रबंधन और जल पुलिस की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। आईजी गढ़वाल करण सिंह नगन्याल ने बताया-ट्रैवलर नोएडा (यूपी) से रुद्रप्रयाग की ओर जा रही थी। यह 150-200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। ड्राइवर बहुत गंभीर घायल है। इसलिए ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। 7 गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करके ऋषिकेश एम्स में शिफ्ट किया गया है।
दिल्ली-यूपी के पर्यटक होने की संभावना
पुलिस ने बताया कि ट्रैवलर हरियाणा नंबर की है। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले पर्यटकों ने इसकी बुकिंग कराई। शुक्रवार शाम को यह दिल्ली से रवाना हुए। रातभर सफर किया। मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल, प्रशासन का फोकस सर्चिंग और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर है।
200 फीट नीचे खाई में गिरी, बचाने गए मजदूर की भी मौत
हादसा जहां हुआ वह ऑल वेदर हाईवे है। ट्रैवलर बाउंड्री तोड़ते हुए करीब 200 फीट नीचे पहाड़ में पलटती हुई नदी में गिरी। नदी का किनारा होने के चलते अलकनंदा के तेज बहाव में ट्रैवलर बहा नहीं। घटनास्थल के नजदीक ही रेलवे प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। 3 मजदूर लोगों को बचाने नदी में कूदे। इनमें से 2 वापस आ गए। लेकिन 1 की हादसे में मौत हो गई। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। जबकि गंभीर घायलों के लिए हेलिकॉप्टर मंगाए गए हैं। उन्हें ऋषिकेश एम्स भेजा जा रहा। SDRF, फायर सर्विस, जिला आपदा प्रबंधन की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिसकर्मियों में मदद कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी अपने साधन लेकर हादसे वाली जगह पहुंचकर मदद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा- स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार के लिए भेज दिया गया है। जिलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
