बाजार बंद, भारी पुलिस बल तैनात, 43 उपद्रवी शांतिभंग में गिरफ्तार, पुलिस की तरफ से मामला दर्ज, दोनों की तरफ से फिलहाल नहीं मिली रिपोर्ट, थानाधिकारी राजीव गांधी नगर को सौंपी जांच
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। शहर के अति संवेदनशील क्षेत्र सूरसागर में ईदगाह की दीवार से गेट निकालने व दो गुटों के तीन किशोरों में हुए झगड़े को लेकर हुए विवाद के बाद शनिवार को तनावपूर्ण शांति रही। पुलिस ने यहां पर ऐहतियात के लिए कमिश्ररेट के पश्चिम जिले के पांच थाना क्षेत्रों सूरसागर, प्रतापनगर, प्रतापनगर सदर, देव नगर और राजीव गांधी नगर में आगामी आदेश तक धारा 144 लगा दी है। इसके आदेश आज सुबह डीसीपी पश्चिम आलोक श्रीवास्तव ने जारी किए। सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसीपी प्रतापनगर अनिल कुमार पालीवाल ने बताया कि पुलिस में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर करीब 43 उपद्रवियों को शांतिभंग मेें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपनी तरफ से एक मात्र केस दर्ज किया गया है। वहीं दोनों पक्ष के लोगों की तरफ से फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज होने से इंकार किया है। मुकदमें जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
एसीपी पालीवाल ने बताया कि प्रकरण की जांच राजीव गांधी नगर थानाधिकारी देवीचंद ढाका को सौंपी गई है। दरअसल गौरतलब है कि व्यापारियों का मोहल्ला व आम्बों का बास में दो गुटों के तीन किशोरों में गुरुवार को मारपीट हुई थी। परस्पर विरोधी मामले दर्ज हैं। इसको लेकर गुरुवार रात थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया गया था। अंदर ही अंदर सुगबुगाहट व विरोध के स्वर उठने लगे थे। आखिरकार शुक्रवार को फिर पथराव और बवाल हो गया। बवाल के चलते कमिश्नरेट के सभी अधिकारियों को सूरसागर भेजा गया। ऐहतियात के तौर पर शहर के दूसरे हिस्सों में चौकसी बरती गई। जगह-जगह पुलिस तैनात नजर आई। चौहाबो थानाधिकारी नीतिन दवे के मुंह पर गम्भीर चोट आई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरएसी व एसटीएफ के जवानों को हालात काबू करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। पथराव के साथ ही दुकान और गाडिय़ों को फूंक दिया गया। पुलिस को आंसू गैस के गोले तक छोडऩे पड़ गए। वहीं आज की बात करें तो क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति है। आज बाजार बंद रहे और पुलिस का भारी जाब्ता मौके पर तैनात रहा। इस बीच जोधपुर पश्चिम के थाना क्षेत्र सूरसागर, प्रतापनगर, प्रतापनगर सदर, देवनगर और राजीव गांधी नगर के संपूर्ण क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है।
