मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। पाली रोड पर 18 दिन पहले सडक़ पर अवैध बजरी से भरे डंपर को खाली कर भागने वाले चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्व में भी गिरफ्तार हो चुका है। इसके साथ ही उसे एस्कोर्ट करने वाले कार चालक की भी पहचान कर ली गई है।
भगत की कोठी थानाधिकारी छतर सिंह ने बताया कि गत दस जून को पुलिस ने नाकाबंदी में अवैध बजरी से भरे डंपर को रूकने का इशारा किया था लेकिन उसका चालक डंपर को पाली रोड पर ले जाते समय बीच रास्ते पीली टंकी भगत की कोठी के पास में खाली कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर चालक की पहचान के लिए टीम का गठन किया था। जांच के बाद अब डंपर चालक बासनी निकुंबा डांगियावास निवासी अशोक पुत्र महीराम विश्रोई को गिरफ्तार किया है। उससे डंपर भी जब्त कर लिया गया है। साथ ही डंपर को एस्कोर्ट कर रहे क्रेटा कार चालक की पहचान तेजा नगर झालामंड निवासी रमेश कुमार प्रजापत के रूप में की गई है। उसकी तलाश की जा रही है।



