-
बहस हुई तो पत्थर काटने की मशीन से गला काटा
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। फलोदी जिले की लोहावट थाना पुलिस ने दिनदहाड़े महिला की हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला की हत्या उसके पति ने ही पत्थर काटने की मशीन से गला काटकर की थी।
गत 30 जून को थाना क्षेत्र के ग्राम विष्णु नगर लोहावट में पप्पू राम मेघवाल के निर्माणाधीन मकान में उसकी पत्नी लक्ष्मी की गला रेता हुआ शव मिला था। घटना के बाद मृतका लक्ष्मी के पिता ने लक्ष्मी के पति के खिलाफ हत्या करने को लेकर मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में पुलिस ने पप्पू राम और उसके परिजनों को हिरासत में लिया तो उन्होंने पुलिस को आत्महत्या की कहानी बात कर गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी पति ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपी अपनी पत्नी के पीहर जाने की बात को लेकर नाराज था क्योंकि आरोपी की पत्नी लक्ष्मी ने अपनी मां को फोन कर अपने भाई को अपने ससुराल बुलाया और खुद पीहर जाना चाहती थी लेकिन आरोपी ने उसकी पत्नी को पीहर नहीं भेजा। इसी बात को लेकर पप्पू राम और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पत्थर काटने के ग्राइंडर से अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी।
घटना के बाद पप्पू राम अपने पुराने मकान से 100 मीटर की दूरी पर ही था और वहां आकर बैठ गया। हत्या की सूचना किसी को नहीं दी। हालांकि थोड़ी देर बाद आरोपी की 9 साल की बेटी निर्माण कार्य वाले मकान में गई तो अपनी मां के शव को देखकर जोर से चिल्लाई। हत्या के बाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आरोपी घटना से अनजान होने का नाटक करते हुए घटनास्थल पर पहुंचा और घटना के तीन घंटे बाद शाम 7.30 बजे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। वहीं संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। इसमें पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर दिया।



