मधुहीर राजस्थान
एक अगस्त तक का येलो अलर्ट, शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश
जैसलमेर(सी आर देवपाल म्याजलार)। जिले में रविवार को एक बार फिर मानसून सक्रिय होने से बारिश का दौर चला। इस दौरान शाम को जिले के रामगढ़, पोकरण व रामदेवरा में बढ़िया बरसात हुई। रामदेवरा में करीब आधा घंटा तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। हालांकि जैसलमेर शहर में 15 मिनट तक हल्की बूंदाबांदी ही हुई।इसके साथ ही चांधन, करमों की ढ़ाणी, सगरा, भैरवा, झाबरा व लाठी क्षेत्र में बारिश हुई। लाठी में 10 मिनट बारिश का दौर चला। बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। बारिश के बाद लोगों दिन भर गर्मी व उमस से काफी राहत मिली। रविवार को दिन का पारा 39.9 डिग्री व रात का पारा 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 10 डिग्री का अंतर रहा।मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार जिले में 1 अगस्त तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और तेज व हल्की बरसात होगी। 1 अगस्त तक मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जिले में रविवार को एक बार फिर मानसून सक्रिय होने से लोगों में काफी खुशी है। रविवार सुबह से ही तेज धूप खिली रही। शाम 5 बजे बूंदाबांदी का दौर शुरु हो गया। जो करीब 10 मिनट तक चला। उसके बाद तेज हवाओं के साथ ग्रामीण इलाकों में करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश का ग्रामीणों ने जमकर लुत्फ उठाया। इस बारिश से मुरझा रही फसलों को जीवनदान मिला है।
4 दिन तक मानसून रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन जिले में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि रविवार को जिले में मानसून सक्रिय हुआ है। 1 अगस्त तक जिले में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में भी गिरावट होगी और गर्मी व उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने जिले में 1 अगस्त तक मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया।
