345 Views
मधुहीर राजस्थानजोधपुर। कुड़ी भगतासनी ग्राम पंचायत को नगर निगम में शामिल कर लिया गया है बावजूद इसके पिछले काफी समय से यहां सेक्टर 2 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की हालत जर्जर अवस्था में बनी हुई है। इस विद्यालय की दुर्दशा को देखकर ऐसा लगता है यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं दूसरी ओर जिम्मेदारों ने इस समस्या से अपना पल्ला झाड़ रखा है।
समाजसेवी दिनेश पिन्टु सारस्वत ने गत दो वर्षों से इस संबंध में शिक्षा विभाग अधिकारियों को भी लिखित में अवगत करवाया, मौका रिपोर्ट भी तैयार करवा दी। लेकिन इस समस्या का आज दिनांक तक कोई निदान नहीं हो सका है।
इस विद्यालय में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी आकर गए लेकिन उनकी नजर भी इस समस्या की ओर नहीं गई, ऐसा प्रतीत होता है। इस विद्यालय में अंदर से प्लास्टर गिर रहा है। छत से भी सीमेंट और बजरी का मलबा गिरने से खतरा बना रहता है। इस मजबूरी में बच्चों को बाहर बिठाया जाता है ताकि कोई बड़ी दुर्घटना ना हो। लेकिन इन दिनों बारिश का मौसम होने के कारण स्कूल मैदान में बारिश का पानी इकट्ठा हो गया जिस कारण बच्चों को बाहर भी नहीं बिठाया जा सकता है। कुड़ी क्षेत्र में सबसे अधिक बच्चे इसी विद्यालय में पढ़ रहे हैं। केबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल भी इस स्कूल का दौरा कर चुके हैं। लेकिन लगता है कि सभी ने इस समस्या से अपना मुंह मोड़ रखा है। शिक्षा विभाग अधिकारी ने कहा कि भामाशाह समाजसेवी मिलेगा तभी कुछ काम करवा पाएंगे।




