मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। शहर के साहसी, जाबांज और होनहार पुलिस निरीक्षक अमित सिहाग का मंगलवार को हृदयघात से निधन हो गया। उनके डीपीएस सर्कल के पास स्थित मकान में मंगलवार शाम को हार्ट अटैक आया था। उन्हें एम्बुलेंस से पाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में अशोक उद्यान के पास उन्होंने अंतिम सांस ली।
अमित सिहाग जोधपुर शहर के दबंग पुलिस अधिकारी रहे। वे उदयमंदिर व शास्त्रीनगर, कुड़ी भगतासनी जैसे कई महत्वपूर्ण थानों में थानाधिकारी रह चुके हैं।
अमित सिहाग बहुत ही सरल स्वभाव व मृदुलभाषी थे। वो अपने मित्रों तथा अपने परिचितों को ‘भाई जी’ के नाम से ही संबोधित करते थे। गौरतलब है कि हत्या के मामलों में उत्कृष्ट अनुसंधान करने पर केन्द्रीय गृह मंत्रालय पदक से सम्मानित भी किया गया था। इससे पूर्व भी कई पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। मूलतः चूरू जिले के रहने वाले अमित सिहाग ने 1999 में पुलिस विभाग जॉइन किया था। वर्तमान में जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की लीगल सेल में काम देख रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र व पुत्री हैं। सियाग के शव को पैतृक गांव सुजानगढ़ ले जाया गया।
