किसी जानकार का हाथ होने का अंदेशा, एमओबी और एफएसएल टीम पहुंची, सीसीटीवी फुटेज में एक – दो लोगों का दिखा मूवमेंट
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। शहर के निकटवर्ती बोरानाडा स्थित नारनाड़ी में एक मकान में गुजरी रात चोरी हो गई। चोर घर के पीछे से खिडक़ी से सरिया मोड़ कर अंदर घुसे और वहां से 70 लाख कीमत के स्वर्णाभूषण चोरी कर गए। वक्त घटना परिवार के तीन चार सदस्य आंगन और छत पर सो रहे थे। इसमें किसी जानकार का हाथ होने का भी अंदेशा है। आस पास लगे सीसीटीवी फु टेज देखे जाने के साथ मौके पर एमओबी और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। इस बारे में बोरानाडा थाने में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने चोरों का पता लगाने के लिए विशेष टीमों को लगाया है।
एसीपी बोरानाडा नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि बोरानाडा सर्किल के नारनाडी गांव के राजपुरोहितों का बास में प्रेमसिंह पुत्र बादरसिंह राजपुरोहित रहते है। 7-8 सितंबर की रात को वे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। एक बेटा छत पर सो रहा था। रविवार की सुबह सात बजे यानी 8 सितंबर को उठे तो कमरें में सामान बिखरा दिखा। पता लगा कि कमरें के पीछे से अज्ञात चोरों ने खिडक़ी के सरिए मोड़ दिए है और प्रवेश किया है।
अज्ञात चोरों ने उसके घर से 50 तोला सोना, दो से तीन किलो चांदी के आइटम के साथ चार लाख सात हजार की नगदी ले गए है।
यह सामान हुआ चोरी :
दर्ज रिपोर्ट में बताया कि घर से अज्ञात चोर सोने की 7.5 तोला आड, 3.5 तोला का रखड़ी सेट, झूमर झेला 3 तोला, हथफू ल 5 तोला, बाजूबंध 3.5 तोला, तड़ा 2 तोला, कंठी 1 तोला, नेकलेस 2 तोला, चेन 1 तोला, नागरी 1 तोला, टिडा 1 तोला, अंगूठियां 2 वजन एक तोला, लेडिज अंगूठी दो तोला, नथ आधा तोला, 10 फीणियां, 3 जोड़ी बालियां, बिछियां, लूंगों की जोडिय़ों के साथ चांदी के 60 तोला कड़ला, 25 तोला पायलें, 30 तोला कंदोरा, 8 पायजेब, 8 जोड़ी बिछियां, 4 कटोरियां, 2 गिलास, दो सिक्कें, तोड़े 10 नग आदि ले गए। इसके अलावा 4 लाख 7 हजार केश भी ले गए।
पत्नी और मां के गहने, कुछ गिरवी भी रखे आइटम भी :
अब तक जांच में पता लगा कि चोरी गया सारा सामान परिवादी के दिवंगत मां, पत्नी के अलावा गिरवी रखे हुए लोगों का था। परिवादी ब्याज बट्टे का कार्य भी करता है। ऐसे में कुछ आइटम गिरवी वाले भी हो सकते है।
जानकार का हाथ होने का अंदेशा :
एसीपी नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि इसमें किसी जानकार का हाथ होने का भी अंदेशा है। चोरों को सारे सामान का पता था और उन्होंने आर्टिफिशियल आइटमों को हाथ नहीं लगाया। लेडिज बैग में सारा सामान भर कर ले गए।
फुटेज में एक दो लोगों का दिखा मूवमेंट :
फुटेज से पता लगाता है कि इसमें एक दो या ज्यादा भी शामिल हो सकते है। फुटेज में एक दो लोगों के पदचिन्हों का पता लगा है। नकबजन ऐसे रास्ते से आए है जहां पर अंधेरा है। पीछे की दीवार फांद कर प्रवेश किया और खिडक़ी से सरिया को मोड़ कर प्रवेश किया गया है। खिडक़ी काफी बड़ी है और कोई बड़ा व्यक्ति भी इसमें प्रवेश कर सकता है।
