मधुहीर राजस्थान
जोधपुर/धवा। राजीव गांधी युवा मित्रों ने आचार संहिता के बाद विकसित राजस्थान युवा मित्र के तौर पर फिर से बहाली के दिए आश्वासन पर जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू करवाने को लेकर ब्लॉक युवा मित्र संघर्ष समिति के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम के जरिए तहसीलदार जगदीश बिश्नोई को ज्ञापन सौंपा ।
युवा मित्र संघर्ष समिति के मनोज वैष्णव ने बताया कि प्रदेश भर के हजारों युवा मित्रों का शांतिपूर्ण तरीके से शहीद स्मारक पर 72 दिनों तक एवं 13 दिनों तक कैबिनेट मंत्री डॉ . किरोड़ीलाल मीणा के आवास पर धरना चला। वहीं 9 दिन तक आमरण अनशन भी किया। इस दौरान एक युवा मित्र राजकुमार गुप्ता के बेरोजगार हो जाने के सदमे से मृत्यु भी हो गई । काफी दिव्यांग पुरुष एवं महिलाएं साथ में कुछ अन्य महिलाओं के साथ छोटे – छोटे बच्चे भी धरने में भूखे – प्यासे बैठकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं । ऐसी विपरीत परिस्थितियों में सरकार की अनदेखी के कारण युवा मित्र निरंतर अवसाद में जाकर परेशान एवं हताश हो चले हैं । राज्य सरकार का ध्यान अपनी मांगों की तरफ आकर्षित करने के लिए कुछ युवा मित्र जयपुर में जयपुरिया अस्पताल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर भी चढ़े थे । गत 16 मार्च को राज्य सरकार की ओर से युवा मित्रों के एक प्रतिनिधिमंडल को बंद कमरे में वार्तालाप के लिए बुलाया गया । जिसमें वहा पर मौजूद मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव सिद्धार्थ सिहाग , जयपुर कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित , आयोजना विभाग के मुख्य सचिव नवीन जैन , आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सीताराम स्वरूप , जेपी मीणा , जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ आदि ने युवा मित्रों को आश्वासन दिया था कि आदर्श आचार संहिता हटने के बाद युवा मित्रों को नए सिरे से विकसित राजस्थान युवा मित्र के रूप में बहाल किया जाएगा।
युवा मित्रों ने ज्ञापन सौंप कर मांग की है कि वर्तमान में आदर्श आचार संहिता समाप्त हो चुकी है । युवा मित्र संघर्ष समिति एवं प्रदेश के युवा मित्र आश्वासन पर विश्वास रखते हैं और मांग करते हैं कि बेरोजगार हुए युवाओं के भविष्य के हित को ध्यान में रखते हुए पूर्व में लगाए गए मुकदमों को खारिज कर प्रतिनिधि मंडल को दिए गए आश्वासन पर कार्य करते हुए फिर से बहाल कर जल्द से जल्द राहत दी जाए। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक लूणी, धवा चन्द्र शेखर बिश्नोई, निरमा बिश्नोई एवं राजीव गांधी युवा मित्र शामिल थे।


