मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगेगा नेत्र स्वास्थ्य जांच शिविर
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर (बहादुर सिंह चौहान)। दिव्यांग जनों के लिए काम करने वाली संस्था सक्षम की ओर से सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर लोक देवता बाबा रामदेव मेले को लेकर पहली बार नेत्र कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत एक अगस्त से दो सितंबर तक रामदेवरा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए नेत्र स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निशुल्क नेत्र जांच, दवा चश्मा वितरण एवं सर्जरी की व्यवस्था की जाएगी।
सक्षम के राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने बताया कि नेत्र कुम्भ में रामदेवरा आने वाले सवा लाख से अधिक लोगों की आंख जांच, एक लाख लोगों को नि:शुल्क चश्मा व दवाई वितरण और लगभग 11 हजार लोगों को मोतियाबिंद का ऑपरेशन करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन समिति के उपाध्यक्ष निर्मल गहलोत ने बताया कि इस महाशिविर में सक्षम के साथ राज्य सरकार और अन्य सेवा संस्थाए बाबा रामदेव सेवा समिति रामदेवरा, सीमाजन कल्याण समिति, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन, जनसेवा समिति जैसलमेर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विद्या भारती, विश्व हिन्दू परिषद, सेवा भारती, भारत विकास परिषद, राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) इत्यादि संगठन भी सेवा कार्य में लगे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर देवेश जौहरी ने बताया कि राजस्थान के सभी पुराने छह मेडिकल महाविद्यालय के प्रधानाचार्य और नेत्र विभाग के प्रमुख 21 सीनियर चिकित्सकों की सलाहकार समिति के परामर्श एवं निर्देशन में यह महाशिविर आयोजित किया जा रहा है।
नेत्र महाकुंभ को लेकर सोमवार 16 जून की शाम 5.30 बजे डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज सभागार में कार्यक्रम होगा। जिसकी अध्यक्षता सक्षम राष्ट्रीय अध्यक्ष दयाल सिंह पंवार करेंगे। वहीं पोकरण विधायक प्रताप पुरी महाराज और अखिल भारतीय व्यवस्था प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मंगेश जी भेंडे शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर आरएसएस के राजस्थान प्रांत प्रचारक निंबाराम, मुख्य अतिथि हैदराबाद के उद्योगपति महेश बलदवा एवं भगवती बलदवा शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति लोक देवता बाबा रामदेव नेत्र कुंभ 2025 रामदेवरा का गठन किया गया है जिसके अध्यक्ष राव भोम सिंह और महासचिव खेताराम लीलड को बनाया गया है।



