समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। राजस्थान सरकार द्वारा आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से ग्राम सेवा शिविर अभियान की शुरुआत की जा रही है। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाएं एवं सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी, जिससे ग्रामीणजनों को राहत के साथ त्वरित समाधान भी प्राप्त होगा। शिविर का समय सुबह 10 से सांय 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा लंबित खाता-खसरा सुधार, नामांतरण, मूल निवास व जाति प्रमाण पत्र जारी करने तथा भूमि संबंधी कार्यों का निस्तारण किया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा कार्यों के अनुमोदन और बीपीएल परिवारों के सत्यापन जैसी गतिविधियां संपादित होंगी। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों की मरम्मत व स्वीकृतियां प्रदान की जाएंगी तथा छात्रवृत्ति और पेंशन योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग पोषण अभियान, आंगनबाड़ी से जुड़े कार्य और महिलाओं हेतु विशेष योजनाओं की जानकारी देगा। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, जांच और औषधि वितरण करेगा। पशुपालन विभाग पशुओं के टीकाकरण, स्वास्थ्य शिविर और चारा वितरण कार्यक्रम आयोजित करेगा। ऊर्जा विभाग विद्युत तारों की मरम्मत और बिल संबंधी शिकायतों का निस्तारण करेगा, वहीं कृषि विभाग बीज व खाद वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पालनहार, पेंशन, छात्रावास सुविधा और एनएफएसए कार्ड से संबंधित सेवाएं देगा। जल संसाधन विभाग नहरों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और जल निकासी की योजनाओं को मूर्त रूप देगा। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आपदा प्रबंधन, वन, सहकारिता, नगरीय विकास और आवासन विभाग भी इस अभियान का हिस्सा बनकर आमजन को योजनाओं का लाभ देंगे।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे ग्रामीण: मुख्य कार्यकारी अधिकारी
जिला परिषद जोधपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने जिले के समस्त पंचायत समिति कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों से अपील की है कि वे राज्य सरकार द्वारा 17 सितम्बर से आयोजित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और शिविर को सफल बनाकर आमजन को राहत पहुंचाएं। मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के आयोजन से ग्राम पंचायतों में लंबित आमजन के कार्यों का समाधान होगा, जिससे किसान, मजदूर वर्ग और जरूरतमंद व्यक्तियों को व्यापक स्तर पर लाभ मिलेगा। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह शिविर शुरू करने का निश्चय किया है। इन शिविरों में जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा महिला एवं बाल कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्य करवाए जा सकेंगे। सरकार नई सोच और ठोस परिणामों के साथ आमजन की भागीदारी सुनिश्चित कर वंचित वर्ग के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है।


