मारवाड़ जंक्शन (अजयसिंह तोमर )। राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल शिक्षा के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं में पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए पंद्रह दिवसीय ऑनलाइन व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम (EPCP) का विधिवत आरंभ हो चुका है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मारवाड़ जंक्शन के प्रधानाचार्य आर.घनश्याम सापेला ने बताया कि राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल कक्षा 10वीं तथा 12वीं के सत्र 2023-24 स्ट्रीम-1 में पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए पंद्रह दिवसीय ई-व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम 13 मई, 2024 से 27 मई, 2024 तक आयोजित किया जा रहा है। इस बार प्रकिया में नवाचार समाविष्ट होने के कारण सैद्धांतिक तथा प्रायोगिक विषय के लिए शिक्षण हेतु मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिसके तहत अधिकांश कार्य राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल के एप के माध्यम से शिक्षार्थी स्वयं के स्तर पर करेंगे। समस्त पंजीकृत विद्यार्थियों द्वारा ई-पीसीपी के लिए गूगल प्ले स्टोर से राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल एप डाउनलोड कर स्वयं की एसएसओ आईडी से लॉगिन करने के उपरांत नियत अवधि में ई-पीसीपी कार्य पूर्ण किया जाना है। प्रधानाचार्य सापेला ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी संदर्भ केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मारवाड़ जंक्शन के प्रभारी शिक्षक रमेश कुमार से वैयक्तिक संपर्क कर सकते है।



