मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। मारवाड़ का प्रमुख लोकपर्व बड़ी (कजळी) तीज आज परम्परागत तरीके से हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। पति की दीर्घायु के लिए सुहागिन महिलाओं ने आज व्रत रखा। वह चन्द्रोदय तक निराहार रहेगी। उन्होंने सज-धज कर नीमड़ी की पूजा की और अपने अखंड सुहाग की कामना तीज माता से की। दिनभर व्रत कर रात को चंद्र दर्शन कर चंद्रमा को अध्र्य देकर सत्तू खाकर पारणा करेंगी। आज महिलाओं में हाथों पर मेहन्दी रचाने के प्रति भी खासा उत्साह रहा।
तीज के अवसर पर मंदिरों में विशेष आयोजन किया जा रहा है। वहां सुबह से ही पूजा अर्चना हो रही है। कई मंदिरों में महिलाओं को कथा सुनाने और नीमड़ी की पूजा का आयोजन रखा गया। महिलाएं सज-धज कर नई पोशाक पहन कर नीमड़ी की पूजा कर रही है। शाम को गोबर से तलाई यानी घेरा बना कर उसे दूध से भरेगी। दीपक की रोशनी में नींबू, सत्तू, चूनरी, मोती आदि का प्रतिबिम्ब देखेंगी और तीज माता के तुष्टमान होने की कामना करेंगी। चांद निकलने पर व्रत करने वाली महिलाएं चांद की पूजा करने के बाद पारणा करेंगी। इधर मिठाई की दुकानों पर चना, गेंहू, चने की दाल, चावल आदि को पीस कर बनाए गए सत्तू लोग खरीदते नजर आए। नव विवाहिताओं के पीहर पक्ष में सत्तू ससुराल पक्ष की महिलाओं के लिए ससुराल में भेजते नजर आए। जिन युवतियों की सगाई हुई है, उनके ससुराल से पीहर सत्तू मिठाई, फल कपड़े आदि की भेंट ससुराल वाले लेकर पहुंचे। महिलाएं भी सज-धज कर व्रत करती नजर आईं। व्रत त्योहार में हाथों में मेंहदी रचाने की परम्परा के चलते महिलाएं मेंहदी लगवाने उमड़ीं। सरदारपुरा में दिनभर मेंहदी लगाने वाले स्टॉल पर महिलाओं की भीड़ रही।
