अत्यधिक गर्मी व हीट स्ट्रोक को देखते हुए अस्पतालों में सभी चिकित्सा सुविधाएं समुचित बनाए रखने के दिए निर्देश
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। अत्यधिक गर्मी व हीट स्ट्रोक को देखते हुए संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉक्टर कमलेश चौधरी ने बुधवार को संभाग के अनेक अस्पतालों का निरीक्षण किया व समुचित चिकित्सा सुविधाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। डॉ चौधरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बालेसर व जिला अस्पताल जैसलमेर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड मेल व फीमेल वार्ड, सर्जिकल वार्ड , गायनी वार्ड , शिशु वार्ड की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अस्पतालों के प्रभारी को चिकित्सा संस्थान में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए अलग वार्ड की स्थापना करने, बर्फ की उपलब्धता बनाए रखने , नियमित विद्युत आपूर्ति व जलापूर्ति बाधित होने पर जनरेटर व इनवर्टर की सुविधा रखने व पानी की वैकल्पिक व्यवस्था टैंकर के माध्यम से रखने के निर्देश दिए | उन्होंने अस्पतालों में औषधियों व उपकरणों की व्यवस्था, मरीज को ठंडी हवा के लिए वार्डों में कूलर आदि के साथ ही परिजनों के बैठने के लिए छाया की पर्याप्त व्यवस्था व शीतल पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
अवकाश पर पाबंदी डॉ चौधरी ने निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में अधिकारियों व कर्मचारियों का अवकाश पर पाबंदी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीज को समुचित चिकित्सा सुविधाएं बनाए रखने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जावे । उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी ।


