मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। होमाष्टमी पर तीस सितंबर को शहरभर में कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। आद्यशक्ति व नवदुर्गा मंदिरों में हवन-जागरण एवं दुर्गा सप्तशती पाठ आदि अनुष्ठान होंगे। घरों में भी महागौरी पूजन-हवन के बाद दस वर्ष से कम उम्र की कन्याओं का दैवीय स्वरूप में महापूजन किया जाएगा।
सेवा भारती समिति जोधपुर के तत्वावधान में तीस सितंबर को 23वां सामूहिक कन्या पूजन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 9.30 बजे सिवांची गेट स्थित महेश स्कूल परिसर में रखा गया है। इस वर्ष 1008 कन्याओं के पूजन किया जाएगा। संयोजक चेतन सोनी ने बताया कि इसके लिए जोधपुर की विभिन्न बस्तियों में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है और आयोजन समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में जोधपुर के सभी प्रमुख संत एवं मुख्य यजमान नौ कन्याओं एवं दो भैरव का पूजन करेंगे। तत्पश्चात सभी कन्याओं को श्रृंगार, फल व मिष्ठान भेंट किया जाएगा। कन्याओं को लाने-ले जाने के लिए लगभग 40 बसों की व्यवस्था की गई है। समिति अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि सामाजिक समरसता और एकता को सुदृढ़ करने के लिए यह कार्यक्रम एक सार्थक प्रयास है।
मेहरानगढ़ स्थित चामुंडा मंदिर परिसर में होमाष्टमी की रात हवन प्रारंभ किया जाएगा जिसकी पूर्ण आहुति एक अक्टूबर नवमी को सुबह 11.15 से 11.50 बजे के बीच होगी। वहीं अरोड़ा समाज की ओर से सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम रविवार को खत्रियों के न्याति नोहरे में किया जाएगा। समाज की ममता व रेखा अरोड़ा ने बताया कि दरियाव दाता महिला मंडल के तत्वावधान में विधिवत कन्या पूजन किया जाएगा। मुस्कान ग्रुप के संस्थापक इंजीनियर निर्मल माथुर ने बताया कि सामाजिक सरोकार निभाते हुए प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्था द्वारा मां दुर्गा की आराधना कर उनके प्रतिरूप 251 कन्याओं का नवरात्रि के अंतिम दिवस महा नवमी के अवसर पर एक अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे अशोक उद्यान के सामने आदर्श विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों में कन्या पूजन किया जाएगा। इसी तरह रामराज्य नगर चौखा स्थित हिंगलाज माता मंदिर में शारदीय नवरात्रा का आठवां दिन तीस सितम्बर को होमाष्टमी के रूप में श्रद्धा भक्ति के माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। इस दिन अष्टमी पर मंदिर परिसर में कन्याओं के साथ भैरू पूजन भी किया जाएगा। मण्डल मंहत सर्वानन्दगिरी महाराज ने बताया कि आध्यशक्ति हिंगलाज माता मंदिर में सोमवार सुबह हवन कीर्तन के बाद 10 वर्ष से कम उम्र की 51 कन्याओं का देवीय स्वरूप में महापूजन किया जाएगा। वहीं 5 भैरू का भी पूजन होगा।


