11 अधिकारी एवं कार्मिकों की अनुपस्थित पर दिया नियमानुसार कार्यवाही का निर्देश
बाड़मेर (असरफ मारोठी)। बाड़मेर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने गुरुवार को प्रातःकाल विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने ज़िला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, ज़िला परिवहन अधिकारी कार्यालयों तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जीरो प्वाइंट मुख्य पंप हाउस का आकस्मिक निरीक्षण किया।
अधिकारी एवं कार्मिक पाए गए अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर जैन ने कार्यालयों की उपस्थिति पंजिकाओं की जांच की जिसमें ज़िला परिवहन अधिकारी सहित कुल 11 अधिकारी एवं कार्मिक अनुपस्थित पाये गये। इनमें ज़िला परिवहन अधिकारी कार्यालय के 7 एवं ज़िला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के 4 अधिकारी एवं कार्मिक शामिल थे। जिला कलेक्टर ने अनुपस्थित पाये गये अधिकारियों व कार्मिकों के विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी कार्मिकों और अधिकारियों को नियमित एवं समयबद्ध रूप से कार्यालय आने हेतु निर्देशित किया।
कार्यालयों में ई फाइलिंग हो प्रभावी रूप से लागू
जिला कलेक्टर ने इस दौरान सरकारी कार्यालयों की विभिन्न शाखाओं का दौरा कर ई फाइलिंग प्रणाली के कार्यान्वयन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों में कार्यों को अधिक कुशलतापूर्वक एवं त्वरित रूप से निस्तारित करने हेतु ई-फाइलिंग कार्य प्रणाली लाई गई है। इससे आम नागरिकों के कार्य अधिक दक्षता और समयबद्धता से होंगे और उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजकीय कार्यालयों में ई फाइलिंग प्रभावी रूप से लागू हो और सभी सरकारी कार्य इसके माध्यम से सम्पादित किए जाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपकरणों का हो सही रखरखाव, अनुपयोगी सामान का करें निस्तारण
जिला कलेक्टर जैन ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जीरो प्वाइंट मुख्य पंप हाउस के निरीक्षण के दौरान उपकरणों के उचित रखरखाव हेतु दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा की सही रखरखाव के अभाव में उपकरण समय से पहले खराब होते हैं तथा अन्तत: आमजन को असुविधा होती है। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। ज़िला कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में फाइलें अस्त-व्यस्त रखा पाये जाने पर उन्हे व्यवस्थित करने एवं उत्कृष्ट सफ़ाई व्यवस्था रखने हेतु निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने कार्यालयों में अनुपयोगी फर्नीचर यथा-टेबल-कुर्सियां व अन्य सामान स्टोर में जमा कराने व अनुपयोगी सामान का नियमानुसार निस्तारण करने का दिया निर्देश।



