पुत्री के मर्डर केस में फंसने का भय दिखाया
जोधपुर। उम्मेद अस्पताल में कार्यरत एक महिला नर्सिंग कर्मचारी से उसकी पुत्री के रेप व मर्डर केस में फंसने का भय दिखाकर करीब 2.40 लाख की ठगी कर ली गई। ठगी करने वाले शख्स ने खुद को नोएडा क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और रूपए ऐंठ लिए। बाद में पता लगा कि बेटी सकुशल है। इसके बाद महिला नर्सिंग कर्मचारी ने खांडाफलसा पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने बताया कि जीवणराम का कुआं नागौरी गेट के अंदर रहने वाली ललिता सोलंकी पत्नी कन्हैयालाल उम्मेद अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारी है। वह सात मई की सुबह अपनी ड्यूटी पर थी तब उसके मोबाइल पर एक व्हॉट्सअप कॉल आया। इसमें उसने बताया कि वह नोएडा क्राइम ब्रांच से बोल रहा है। उसकी बेटी रेप और मर्डर केस में फंस गई है। उसे बचाने के लिए चार लाख रुपए देनेे होंगे। झांसे में आकर ललिता सोलंकी ने भय के मारे अपने स्टाफ की मदद से पांच अलग-अलग खातों से 2.40 लाख रुपए शातिरों के खाते मेें ट्रांसफर कर डाले। रुपए ट्रांसफर करने के बाद ललिता सोलंकी ने अपनी बेटी से बात की तो पता लगा कि वह सकुशल है और उसके साथ ठगी की गई है। इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंची और मामला दर्ज करवाया। खांडाफलसा पुलिस ने धोखाधड़ी में प्रकरण दर्ज किया है। अग्रिम जांच जारी है।


