मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। आफरी जोधपुर द्वारा दिनांक 22-05-2024 को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस-2024 का आयोजन मुख्य अतिथि श्री अनिल कुमार, कार्यकारी निदेशक, एफ.डी.डी.आई., जोधपुर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता एम.आर. बालोच, भा.व.से., निदेशक, आफरी द्वारा की गई। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में जैव विविधता में होने वाली कमी से पर्यावरण एवं आम जनजीवन पर पड़ने वाले विभिन्न प्रभावों को बताते हुए जैव संरक्षण एवं संवर्धन हेतु नवाचार, नियंत्रण, सहभागिता व संरक्षण उपायों द्वारा हल बताया । निदेशक आफरी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जैव संवर्धन हेतु वैज्ञानिक तकनीकों के साथ पारंपरिक ज्ञान के समुचित समन्वय एवं जनभागीदारी को आवश्यक बताया । विशिष्ट अतिथि श्री उमाराम चौधरी, सेवानिवृत मुख्य वन संरक्षक ने अपने अनुभव साझा करते हुए पर्यावरण संरक्षण पर गीत प्रस्तुत किया । कार्यक्रम के आरम्भ में पौधारोपण किया गया तत्पश्चात् मुख्य अतिथियों का स्वागत साफा एवं पुष्प गुच्छ प्रदान कर किया गया। तत्पश्चात डॉ. संगीता सिंह, प्रभागाध्यक्ष,विस्तार प्रभाग ने कार्यक्रम का संक्षिप्त परिचय दिया। डॉ. तरूण कान्त, समूह समन्वयक(शोध) एवं वैज्ञानिक-जी ने अपने उद्बोधन में स्थापित पर्यावरण तंत्र के समुचित संरक्षण को जैव विविधता के सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया । कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान श्री किरता राम मेघवाल, श्री भजन लाल विश्नोई, श्री देवाराम एवं श्री अणदाराम बडल को पर्यावरण संरक्षण के लिए किये गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया एवं प्रगतिशील किसानो ने इस क्षेत्र में अपने किये गए कार्यो के अनुभव साझा किए। इसमें आफरी के वैज्ञानिको, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। अनिल सिंह चौहान,एसीटीओ ने कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।


