मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। अब तक तो सूने घर और दुकानों में सेंध लगाकर अज्ञात चोर नगदी व जेवरात चुराकर अपने हाथ की सफाई दिखाते रहे है लेकिन पिछले एक पखवाड़े से भीषण गर्मी के चपेट में आए शहर में अब चोर पानी भी चुराने लगे है। सरदारपुरा में क्षेत्र में इन दिनों पानी चोरों का आतंक नजर आ रहा है।
शहर के व्यस्ततम इलाके सरदारपुरा बी रोड बाजार में दुकानों के बाहर पानी के पड़े कैम्पर उठाकर अज्ञात चोर ले जाने लगे है। पानी चोरी करते अज्ञात सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हुए हैं, लेकिन वे अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। सोमवार सुबह सरदारपुरा स्थित नविका फैशन नामक दुकान के बाहर से अज्ञात चोर पानी के दो कैम्पर चुरा ले गए। सरदारपुरा बी रोड व्यापारी संघ के सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि चोर आए दिन सरदारपुरा में चोरियां करते नजर आ रहे है। बाजार में सीसीटीवी कैमरें लगे है, इसके बावजूद चोर पानी के कैम्पर धड़ल्ले के साथ चुरा ले जा रहे है। सोमवार को भी एक दुकान के बाहर से पानी के कैम्पर चोरी हुए। कैम्पर चुराकर ले जाते हुए चोर सीसीटीवी फुटेज में नजर आए हैं लेकिन वे अभी भी पुलिस की पकड से दूर है।


