अब तक चार को पकड़ा
मधुहीर राजस्थान
जोधपुर। प्रदेश में चलने वाली उड़ान योजना में मिलने वाले नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन की कालाबाजारी का आंकड़ा करोड़ों रुपए तक पहुंचने वाला है। मामले में नोएडा व हाथिन (हरियाणा) के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को शक है कि फ्री नैपकिन की कालाबाजारी कर इसे महंगी कंपनी के रेपर में पैक कर बाजार में निकाला जा रहा है। इसके पीछे सरकारी कर्मचारी, व्यापारी और कंपनी के प्रतिनिधि सहित कई लोगों शामिल होने की संभावना है।बासनी पुलिस मामले में नोएडा निवासी मिहिरकांत झा पुत्र कलानाथ झा और हरियाणा के हाथिन निवासी इमरान पुत्र इशब मेव को गिरफ्तार कर जोधपुर लेकर आई है। इससे पहले पुलिस ने सेनेटरी नैपकिन को लेकर जा रहे ट्रक ड्राइवर कैलाश को गिरफ्तार किया था। इसके बाद ट्रक में माल भरवाने वाले पोकरण के ऊजला निवासी जगदीश पुत्र सूरजदान चारण को गिरफ्तार किया गया था।
गिरोह का मुख्य सरगना फरार
मामले में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरोह का मुख्य सरगना रघुवीर सिंह फरार चल रहा है। उसके पकड़ में आने के बाद प्रदेश में चल रहे गिरोह का बड़ा खुलासा होने की संभावना है। सरकारी योजना के निशुल्क माल की इस तरह की कालाबाजारी के खुलासे के बाद अब मामले में सरकार की सीधी मॉनीटरिंग हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस कालाबाजारी में कई बड़े नाम भी सामने आ सकते है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कई जगह टीमों को भेजा है।


