मधुहीर राजस्थान
जैसलमेर (अमित डांगरा )। जिले के फलसूंड के किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जिसमे फलसूंड थाने में द जैसलमेर सेंट्रल को-ओपरेटिव बैंक लिमिटेड के एमडी द्वारा पांच ग्राम सेवा सहकारी समितियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर जांच करवाकर भ्रष्ट सहकारी समिति संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि पिछले 10 महीने से फलसूंड से भणियाणा तक के 20 गांवों के किसान आंदोलित है। किसानों का कहना है कि अगर उनको यहां न्याय नहीं मिला तो वे जयपुर मुख्यमंत्री के पास जायेंगे कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम सेवा सहकारी समितियों ने हजारों किसानों के खेतों पर फर्जी लोनी बनाकर बंटाइदार के नाम लोन पास करा दिए। किसान को कुछ बताए बिना उनके दस्तावेज चुराकर दूसरे अनजान लोगों को खेतों का हिस्सेदार बनाकर लोन पास कर दिए। जिससे करोड़ों रुपए का गबन हुआ है। इस संबंध में फलसूंड क्षेत्र के 15-20 गांवों के किसान कई बार कलेक्टर कार्यालय से लेकर स्थानीय तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन व घेराव कर चुके हैं।
ज्ञापन में बताया कि कलेक्टर के आदेश पर एमडी सीसीबी जैसलमेर ने 5 ग्राम सेवा सहकारी समिति संचालकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट 15 मार्च को दर्ज करवाई गई। लेकिन कुछ सोसायटी वाले मिलीभगत कर स्टे ले आए। जबकि जांच पर कोई स्टे नहीं है। ज्ञापन में बताया कि पुलिस जांच पूरी कर दोष निर्दोष साबित करने का काम भी नहीं कर रही है।ज्ञापन में बताया कि फर्जी बंटाइदारों और सोसायटी संचालकों के करीब 2 हजार खाते सीज है। ज्ञापन में मांग की गई है कि इन सीज खातों को किसी भी हालत में खोलने की अनुमति नहीं दें। ज्ञापन में मांग की गई कि एसडीएम भणियाणा की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट की प्रति किसानों को उपलब्ध करवाई जाएं, साथ ही ग्राम सेवा सहकारी समिति दांतल में हुए घोटाले की भी जांच करवाई जाये।


